Hello friends, मैं Nahid Khan, VILL- Maheshpur, PS- Angara, Ranchi से हूं और UG की पढ़ाई Ram Lakhan Singh Yadav College, Ranchi से कर रहा हूं। मैं Political Science Honours का छात्र हूं और इस पर notes लिखता रहता हूं। मेरे इस blog पर जो भी आप पढ़ते हैं वह मेरे लिखें notes होते हैं। आज का विषय है अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत (Aristotle's Theory Of State)।
अरस्तु ने अपनी पुस्तक पॉलिटिक्स में राज्य संबंधी सिद्धांतों का वर्णन किया हैै। अरस्तु की राज्य संबंधी विचारों की प्रामाणिकता को हजार वर्ष बाद आज भी स्वीकार किया जाता है। अरस्तु के अनुसार राज्य एक स्वाभाविक संस्था है। इसका जन्म विकास के कारण हुआ है। इसके उद्देश्य और कार्य नैतिक है तथा यह सभी संस्थाओं से उच्च संस्था है। इस पोस्ट में अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत क्या है? यह विस्तार से जानेंगे।
अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत; उत्पत्ति एवं विकास:-
सोफिस्ट वर्ग के विचार में राज्य की उत्पत्ति समझौते से हुई है। अरस्तु अपने गुरु प्लेटो की भांति इस विचार का खंडन करता है। अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत बताता है कि व्यक्ति अपनी प्रकृति से ही एक राजनीतिक प्राणी है। राज्य का जन्म विकास के कारण हुआ है तथा राज्य एक स्वाभाविक संस्था है। राज्य के उद्देश्य और कार्य नैतिक है और वह सभी संस्थाओं में उच्च है।
.jpeg) |
| Aristotle |
अरस्तु के अनुसार राज्य की उत्पत्ति का कारण जीवन की आवश्यकता से आरंभ होती है। उसका अस्तित्व सद्जीवन की सिद्धि के लिए हुआ है। यह सामाजिक रूप से प्राकृतिक है इसलिए राज्य भी प्राकृतिक है। इसलिए यह सिद्ध है कि राज्य प्रकृति की रचना है और मनुष्य प्रकृति से राजनीतिक प्राणी है। और जो व्यक्ति राज्य से संबंध ना हो, वह या तो नराधम है या अतिमानव।
राज्य एक प्राकृतिक संस्था है:–
व्यक्ति के लिए राज्य की उत्पत्ति प्राकृतिक है। इस पर अरस्तु ने तर्क दिया है कि राज्य उन समस्त समुदायों का पूर्ण रूप है जो प्रकृतिजन्य है। इसका विकास करने वाले पूर्ववर्ती समुदायों में वही विद्यमान है जो राज्य में है।
अरस्तु राज्य की प्रारंभिक इकाई व्यक्ति को मानता है। मनुष्य राज्य के बिना अपूर्ण है। व्यक्ति समुदाय में रहकर ही दैनिक आवश्यकताओं को जुटाने एवं जीवन को सफल बनाने के लिए प्रयत्नशील रहता है। जिस प्रकार परिवार या ग्राम मनुष्य के लिए नितांत आवश्यक है उसी प्रकार राज्य भी व्यक्ति के लिए नितांत आवश्यक है। जिस प्रकार परिवार या ग्राम व्यक्ति के लिए अनिवार्य समुदाय है उसी प्रकार राज्य भी एक अनिवार्य समुदाय है। व्यक्ति आत्मनिर्भर एवं पूर्णत्व की स्थिति इस राज्य रूपी समुदाय के द्वारा ही प्राप्त कर पाता है अन्यथा नहीं।
अरस्तु के अनुसार केवल जीवन मात्र की आवश्यकता के लिए राज्य उत्पन्न होता है और अच्छे जीवन की उपलब्धि के लिए कायम रहता है।
अरस्तु राज्य को इस कारण भी प्राकृतिक मानता है क्योंकि उसका मत है कि राज्य वह उद्देश्य अथवा संपूर्णत्व है जिसकी ओर अन्य दूसरे समुदाय बढ़ते हैं। परिवार तथा ग्राम आदि व्यक्ति के अन्य प्राकृतिक समुदाय है। वह तभी अपनी प्रकृति का विकास कर पाएंगे जबकि राज्य के रूप में अपनी परीसमाप्ति को प्राप्त कर पाएंगे। व्यक्तियों के संपूर्ण प्राकृतिक समुदायों का विकसित रूप ही राज्य है।
राज्य के अतिरिक्त अन्य किसी समुदाय में इतनी क्षमता नहीं है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बना सके। व्यक्ति के लिए राज्य एक प्राकृतिक एवं मूलभूत समुदाय है।
अरस्तु के अनुसार राज्य को प्राकृतिक कहने का दूसरा कारण यह है कि राज्य का उद्देश्य एवं लक्ष्य आत्मनिर्भरता की प्राप्ति है। सर्वश्रेष्ठ लक्ष्य की उपलब्धि का साधन भी राज्य ही है। अतः सर्वश्रेष्ठ लक्ष्य की प्राप्ति का साधन होने के कारण भी राज्य एक प्राकृतिक संस्था है।
राज्य सामाजिकता का परिणाम है:-
अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत इस बात का तर्क देता है कि राज्य सामाजिकता का परिणाम है। अरस्तु के अनुसार सामाजिक जीवन सभी जीवो में विद्वान है। किंतु व्यक्ति एक विचारशील प्राणी है इसलिए व्यक्ति अन्य जीव धारियों से भिन्न है। मनुष्य की सामाजिकता मूल प्रवृत्तियों तथा कुछ विशेष उद्देश्य पर आधारित होती है। इन्हीं परिस्थितियों और उद्देश्य के कारण अनेक स्थितियों से गुजर कर मनुष्य ने अपना पूर्ण विकास किया है।
सर्वप्रथम विवाह पद्धति के आधार पर अरस्तू कहता है कि सामाजिक संस्था परिवार में पति-पत्नी, संतान और दास एक साथ रहते हैं। क्योंकि परिवार का स्वामी शासक के रूप में कार्य करता है तो परिवार में राज्य के बीज दिखाई पड़ते हैं। परिवार संतानोत्पत्ति के साथ सुरक्षा भी करता है। इससे परिवार एक स्वाभाविक समुदाय है।
लेकिन व्यक्ति के लिए मात्र सुरक्षा नहीं बल्कि उसकी अनेक भौतिक तथा आध्यात्मिक आवश्यकता होती है। इसलिए कुछ परिवार मिलकर ग्राम का निर्माण करते हैं। ग्राम के द्वारा व्यक्ति अपने पारस्परिक झगड़े निपटाते हैं और सामूहिक जीवन गुजर-बसर करते हैं। लेकिन ग्राम के द्वारा भी सभी भौतिक, बौद्धिक और नैतिक आवश्यकता है जिसे ग्राम में रहकर व्यक्ति पूरी नहीं कर पाता है। इस कारण व्यक्तियों द्वारा नगर राज्य का जन्म स्वभाविक हो जाता है।
ग्रामों की तुलना में नगर राज्य सुरक्षा और न्याय अधिक प्रदान कर पाते हैं। इस प्रकार नगर राज्य व्यक्तियों का अंतिम पूर्ण तथा श्रेष्ठ समुदाय है।
इस प्रकार अरस्तू ने यह साफ कर दिया है कि परिवार से ग्राम और ग्राम से नगर राज्य अस्तित्व में आए। अरस्तु के शब्दों में "जब बहुत से ग्राम एक दूसरे से पूर्ण रुप से इस प्रकार मिल जाते हैं कि वे केवल एक ही समाज का निर्माण करते हैं तब वह समाज राज्य बन जाता है।"
अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत; राज्य के विकास का स्वरूप:-
अरस्तु के अनुसार जिस प्रकार एक सावयव जीवधारी का विकास होता है उसी प्रकार राज्य का भी विकास होता है। इसलिए राज्य एक सावयवी जीवधारी के समान है। क्योंकि मानव में अनेक अंग होते हैं जैसे हाथ, पैर, नाक, कान आदि। इन अंगों के अलग-अलग काम होते हैं। यह सभी अंग शरीर के द्वारा ही कार्य संपन्न करते हैं। यदि शरीर का कोई अंग कार्य करना बंद कर दें तो शरीर कमजोर या निर्बल हो जाता है।
सावयव जीवधारी के समान ही राज्य भी है। जिस स्वभाविक रूप से शरीर का विकास होता है, उसी प्रकार राज्य का भी विकास होता है। शरीर के समान ही राज्य भी अनेक अंगों से मिलकर बनता है। जिस प्रकार शरीर के अंग नाक, कान, हाथ, पैर आदि है उसी प्रकार राज्य के भी अंग होते हैं। जिनमें व्यक्ति और उनकी संस्थाएं, परिवार, ग्राम आदि आते हैं। जीवधारी शरीर के समान ही राज्य के सभी अंगों को भी अपने अपने निर्धारित कार्य करने पड़ते हैं।
इस प्रकार राज्य के विकास का स्वरूप सावयव जैविक है। व्यक्ति, परिवार और ग्राम इसके विभिन्न अंग होते हैं। राज्य के सभी अंग एक दूसरे से संबंधित होते हैं और इनका क्रमिक क्रमिक विकास होता रहता है।
वर्कर के अनुसार "राजनीति विकास जैविक विकास है राज्य तो मानो पहले से ही ग्राम, परिवार और व्यक्ति के रूप में भ्रीनावस्था में होता है। राजनीतिक विकास की प्रक्रिया ऐसी है मानो राज्य आरंभ से लेकर अंत तक विभिन्न रूपों को धारण करता है और प्रत्येक रूप इसकी पूर्णता के अधिक से अधिक निकट आ जाता है।"
इस प्रकार अरस्तू ने जो राज्य की उत्पत्ति संबंधी विचार दिए हैं विकासवादी सिद्धांत के अनुरूप है। परिवार के विकास के साथ ही ग्राम और ग्राम के विकास के साथ ही नगर राज्य के विकास की अंतिम यात्रा तय होती है। परिवार के विकास के साथ व्यक्ति पूर्णत्व की दिशा में कुछ कदम बढ़ता दिखाई पड़ता है। उससे अधिक पूर्णता की प्राप्ति ग्राम को जन्म देती है और संपूर्णता एवं आत्मनिर्भर की दिशा में बढ़ते कदम अपनी मंजिल तक उस समय तय तय करता है जब सर्वोच्च एवं अंतिम समुदाय राज्य की स्थापना संभव हो जाती है।
अरस्तु का राज्य संबंधी सिद्धांत; राज्य की विशेषताएं:-
1. राज्य एक स्वाभाविक संस्था है-
अरस्तु के अनुसार राज्य एक स्वाभाविक संस्था है। मनुष्य राज्य के बिना अपने जीवन के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकता। राज्य मानव के भावात्मक जीवन की अभिव्यक्ति है। व्यक्ति के विकास का कार्य परिवार में प्रारंभ होता है तथा उसकी पूर्ण सिद्धि राज्य में होती है।
जिन संस्थाओं पर राज्य की आधारशिला है वह संस्थाएं स्वभाविक है तो उन संस्थाओं का विकसित रूप भी स्वभाविक ही होगा। अरस्तु के अनुसार क्योंकि राज्य का जन्म मनुष्य की समस्त आवश्यकता की पूर्ति एवं उसके सर्वांगीण विकास हेतु स्वाभाविक रूप से हुआ है इसलिए भी राज्य को एक स्वाभाविक संस्था कहा जाना चाहिए।
अरस्तु के शब्दों में "मानवीय आवश्यकताओं पर आधारित मानव समुदाय के बढ़ते हुए घेरे की पराकाष्ठा राज्य हैं"
अतः राज्य स्वभाविक है और राज्य के बिना मनुष्य का जीवन संभव नहीं है। राज्य के बिना व्यक्ति या तो पशु है या देवता।
2. राज्य एक क्रमिक विकास है-
अरस्तु विकासवादी सिद्धांत को मानता था। अरस्तु के अनुसार राज्य क्रमिक विकास का परिणाम है। जिस प्रकार सावयवी जीवधारी का विकास हुआ है उसी प्रकार राज्य का विकास हुआ है। राज्य के विकास का रूप आंगिक है। व्यक्ति परिवार तथा ग्राम इसके विभिन्न अंग है, जो एक दूसरे से संबंधित है, और इनका क्रमिक विकास होता रहता है। अंत में इनके पूर्ण विकसित हो जाने पर राज्य के दर्शन होते हैं।
3. राज्य व्यक्ति से पूर्व का संगठन है-
अरस्तु के अनुसार मनुष्य के बौद्धिक विकास की पूर्ण कल्पना के रूप में राज्य का जन्म व्यक्ति, परिवार और ग्राम के अस्तित्व में आने से पूर्व हो चुका था। अर्थात राज्य मनुष्य से प्राथमिक संस्था है। अरस्तु का तात्पर्य यह नहीं था कि राज्य का जन्म ऐतिहासिक दृष्टि से पहले हुआ वरन अरस्तु का अभिप्राय था कि राज्य का जन्म मनोवैज्ञानिक या मानसिक दृष्टि से पहले हो चुका था। क्योंकि राज्य एक पूर्ण समुदाय है व्यक्ति केवल एक तत्व है।
पूर्णता पहले और अंत बाद में आती है। इस प्रकार राज्य व्यक्ति से पूर्वर्ती अर्थात पहले है। व्यक्ति परिवार और ग्राम के अस्तित्व में आने से पहले मनुष्य के बौद्धिक विकास की पूर्ण कल्पना के रूप में राज्य का जन्म हो चुका था।
अरस्तु का कथन है "समय की दृष्टि से परिवार पहले किंतु प्रकृति की दृष्टि से राज्य पहले है। इसका प्रमाण यह है कि यदि व्यक्ति को राज्य से अलग कर दिया जाए तो वह आत्मनिर्भर नहीं रह सकता।"
4. राज्य एक सर्वोच्च समुदाय है-
अरस्तु के शब्दों में राज्य केवल समुदायों का समुदाय नहीं वरन सर्वोच्च समुदाय है।
अरस्तु का पहला तर्क यह है कि मनुष्य की अनेक प्रकार की सामाजिक, धार्मिक तथा आर्थिक संस्थाओं का अस्तित्व राज्य के कारण ही होता है। यह संस्थाएं राज्य के अंदर ही अपना कार्य संपन्न कर पाती है। यह संस्थाएं राज्य के अधीन तथा राज्य से ही नियंत्रित होती है।
अरस्तु का दूसरा तर्क है कि राज्य के अंतर्गत कार्यरत संस्थाएं एक पक्षी होती है। धार्मिक संस्थाएं केवल धार्मिक आवश्यकताओं, सामाजिक संस्थाएं केवल सामाजिक आवश्यकताओं तथा आर्थिक संस्थाएं केवल आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति करती है। इनमें से कोई भी संस्था व्यक्ति की समस्त आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं कर पाती है। किंतु राज्य ही एकमात्र ऐसी संस्था है जो व्यक्ति की संपूर्ण आवश्यकताओं की पूर्ति तथा उसका अधिकतम विकास कर पाती है। इस प्रकार राज्य एक सर्वोच्च समुदाय है।
अरस्तु अपना तीसरा तर्क देता है कि राज्य में कार्यरत सभी संस्थाओं का अपना अलग लक्ष्य होता है। लेकिन यह लक्ष्य की तुलना में निम्न होते हैं। क्योंकि राज्य अपने नागरिकों को अपने जीवन को आत्मनिर्भर सुखी तथा संपन्न बनाने का अवसर प्रदान करता है। इस प्रकार की जीवन की प्राप्ति केवल राज्य के सदस्यों के रूप में ही की जा सकती है। समुदाय या संस्थाओं के सदस्य के रूप में नहीं। अतः राज्य एक सर्वोच्च संस्था है।
5. संविधान राज्य की पहचान है-
अरस्तु के अनुसार संविधान से ही राज्य को पहचाना जाता है। इसलिए संविधान में परिवर्तन राज्य में परिवर्तन करने के समान है। अरस्तु के अनुसार संविधान राज्य अथवा पदों का संगठन है। संविधान द्वारा ही राज्य की रूपरेखा एवं राज्य का आकार प्रकार सुनिश्चित होता है। अरस्तु संविधान को राज्य का सार मानता है। उसके अनुसार संविधान के आधार पर ही राज्यों का निर्माण अथवा अंत होता है। संविधान ही सर्वोच्च सत्ता को निश्चित करता है।
6. राज्य एक आध्यात्मिक संगठन है-
अरस्तु के अनुसार राज्य का उद्देश्य मानव में सद्गुणों का विकास करना है। राज्य एक मानवीय संस्था है और यह मानव की बौद्धिक, नैतिक और शारीरिक श्रेष्ठता की प्राप्ति के साधन प्रदान करता है।
अरस्तु के शब्दों में "राज्य राजनीतिक जीवन में आध्यात्मिक समुदाय है।"
7. राज्य का स्वरूप जैविक है-
अरस्तु के अनुसार राज्य का स्वरूप जैविक या आंगिक है। जीवधारियों में बहुत से अंग होते हैं। प्रत्येक अंक का अपना अलग-अलग कार्य होता है। और प्रत्येक अंग अपने व्यक्तित्व एवं जीवन हेतु शरीर पर पूर्ण रूप से निर्भर करता है। अरस्तु ने राज्य की तुलना शरीर से की है। उसके अनुसार राज्य और व्यक्ति में वही संबंध है जो शरीर और हाथ में है। उसने यह भी कहा है कि जिस प्रकार शरीर के किसी अंग में अत्यधिक वृद्धि या कमजोर पड़ जाने पर समस्त शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है उसी प्रकार राज्य के किसी एक तत्वों में अत्यधिक विधि से राज्य का स्थायित्व खतरे में पड़ जाता है।
8. नगर राज्य सर्वाधिक श्रेष्ठ राजनीतिक संगठन है-
अरस्तु के अनुसार नगर राज्य सर्वाधिक श्रेष्ठ राजनीतिक संगठन है। उसने आदर्श राज्य का चित्रण एक नगर राज्य के रूप में ही किया है। अरस्तु का यह नगर राज्य समस्त विज्ञान, कला, गुणों और पूर्णता में एक साझेदारी है। यधपि अरस्तु के जीवनकाल में ही फिलिप के द्वारा नगर राज्य का अंत कर दिया गया था और एक नए साम्राज्य की स्थापना की गई थी। किंतु अरस्तू ने इन साम्राज्यो पर बिल्कुल भी विचार नहीं किया।
9. राज्य एक आत्मनिर्भर संगठन है-
अरस्तु के अनुसार आत्मनिर्भरता राज्य की एक प्रमुख विशेषता है। आत्मनिर्भरता का अभिप्राय है कि वह अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं करता है। राज्य एक आत्मनिर्भर संगठन है क्योंकि अरस्तु के अनुसार राज्य न केवल व्यक्ति की भौतिक समस्याओं का समाधान करता है, व्यक्ति के अच्छा और सुखी संपन्न तथा आत्मनिर्भर जीवन जीने में भी सहायता प्रदान करता है। राज्य व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और भौतिक विकास के लिए आवश्यक परिस्थितियों का निर्माण करता है।
10. राज्य विविधता में एकता है-
प्लेटो ने अपने आदर्श राज्य में एकता पर बल दिया था व संपूर्ण राज्य को एक परिवार का रूप माना था। परंतु अरस्तू उस एकता संबंधी विचारों से असहमत था। अरस्तू राज्य की विविधता में एकता का लाना चाहता था। अरस्तु के राज्य का स्वरूप विविधता में एकता है। राज्य का निर्माण विविध तत्वों के मिश्रण से होता है। जिस प्रकार एक सुंदर चित्र में विभिन्न रंगों का मिश्रण होता है उसी प्रकार आदर्श राज्य का निर्माण उसके विभिन्न अंगों के उचित सामाजिक संगठन के आधार पर होता है।
अरस्तु के शब्दों में "राज्य तो स्वभाव से ही बहुआयामी होता है एकता की ओर अधिक अधिक वरना तो राज्य का विनाश करना होगा।"
11. राज्य और शासन में भेद है-
अरस्तु के अनुसार राज्य और शासन में स्पष्ट अंतर है। राज्य जहां समस्त नागरिकों और गैर नागरिकों का समूह है वहीं शासन उन नागरिकों का समूह है जिनके हाथों में सर्वोच्च नागरिक सत्ता होती है।
राज्य में परिवर्तन तभी होता है जब उसके संविधान में परिवर्तन होता है। शासन में परिवर्तन उसी समय आ जाता है जब शासकों को अपदस्थ कर दिया जाता है।
Post a Comment
Thnx