प्रश्न. शक्ति पृथक्करण तथा नियंत्रण और संतुलन से आप क्या समझते हैं ? अमेरिकी संविधान के विशेष संदर्भ में टिप्पणी करें।
मांटेस्कयू के अनुसार, "सरकार के तीन अंगों में से प्रत्येक अपने क्षेत्र में स्वतंत्र होना चाहिए, उसे अपने कार्यक्षेत्र तक ही सीमित रहना चाहिए और उसके द्वारा दूसरे अंग के कार्य को प्रभावित करने या उस पर नियंत्रण स्थापित करने की चेष्टा नहीं की जानी चाहिए।" शक्ति पृथक्करण तथा नियंत्रण और संतुलन में सबसे पहले हम शक्ति पृथक्करण की चर्चा करेंगे, उसके बाद नियंत्रण और संतुलन पर।
शक्ति पृथक्करण –
सरकार के तीनों अंगों व्यवस्थापिका, कार्यपालिका तथा न्यायपालिका का पारस्परिक संबंध कैसा होना चाहिए, यह राजनीतिक विज्ञान में विवाद का विषय रहा है। बहुत से विद्वानों ने इस संबंध में अपने अपने सिद्धांत प्रतिपादित की है। लेकिन इन विद्वानों में मांटेस्कयू के सिद्धांत सबसे अधिक प्रमुख है।
इस सिद्धांत के प्रतिपादको का मत है कि व्यवस्थापिका का कार्य कानून बनाना, कार्यपालिका का कार्य उन कानूनों को क्रियान्वित करना और उनके अनुसार शासन चलाना तथा न्यायपालिका का कार्य उन कानूनों के अनुसार निर्णय करना होना चाहिए।
अमेरिकी संविधान और शक्तियों का पृथक्करण –
शक्ति विभाजन अमेरिकी संविधान की मूल भावना रही है। वैसे तो अमेरिकी संविधान में किसी स्थान पर भी शक्ति विभाजन सिद्धांत को परिभाषित नहीं किया गया है। लेकिन संविधान के प्रथम 3 अनुच्छेदो में यह साफ हो जाता है कि संविधान शक्ति विभाजन के सिद्धांत पर ही आधारित है जो इस प्रकार है —
अनुच्छेद 1, खंड 1 : संविधान में प्रदान की गई समस्त व्यवस्थापन संबंधी शक्तियां एक कांग्रेस में निहित होगी।
अनुच्छेद 2, खंड 1 : समस्त कार्यपालिका शक्ति संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति में निहित होगी।
अनुच्छेद 3, खंड 1 : न्याय संबंधी समस्त शक्ति एक सर्वोच्च न्यायालय तथा उनके नीचे के न्यायालयों में निहित होगी जिन्हें कांग्रेस समय-समय पर प्रतिष्ठित व स्थापित करेगी।
इन अनुच्छेदों के आधार पर यह साफ हो जाता है कि अमेरिका में व्यवस्थापिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका में शक्तियों का स्पष्ट विभाजन किया गया है। अमेरिकी संविधान के निर्माता यह चाहते थे कि केवल सिद्धांत में ही नहीं व्यवहार में भी सरकार के इन तीनों अंगों की प्रकृति अलग-अलग होनी चाहिए तथा उनके द्वारा अपने कार्यों का संपादन एक दूसरे से अधिक स्वतंत्र होने चाहिए। अमेरिकी संविधान सरकार के इन तीनों अंगों की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए निम्न व्यवस्थाएं करता है —
1) शासन के तीनों अंगों के सदस्यों के चयन की भिन्न-भिन्न प्रक्रिया —
कांग्रेस अर्थात सीनेट और प्रतिनिधि सभा के सदस्य जनता के द्वारा प्रत्येक निर्वाचित होते हैं, और राष्ट्रपति का निर्वाचन मंडल द्वारा अर्थात जनता द्वारा परोक्ष रूप से निर्वाचित किया जाता है। उसी प्रकार न्यायाधीशों की नियुक्ति सीनेट के अनु समर्थन पर राष्ट्रपति द्वारा की जाती है। संविधान निर्माता यह चाहते थे कि अमेरिका में सरकार के तीनों अंगों की प्रकृति अलग-अलग रहे इसलिए संविधान निर्माताओं ने सरकार के तीनों अंगों के लिए क्रमशः प्रत्यक्ष निर्वाचन, परोक्ष निर्वाचन और मनुनय की पद्धति को अपनाया है।
2) शासन के एक ही अंक की सदस्यता का प्रावधान —
अमेरिकी नागरिक के द्वारा व्यवस्थापिका, कार्यपालिका या न्यायपालिका सरकार के इन तीनों अंगों में से किसी एक की सदस्यता ही प्राप्त की जा सकती है। यदि कांग्रेस के किसी सदस्य को मंत्री परिषद का सदस्य अथवा न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया जाए, तो उसे कांग्रेस की सदस्यता से त्यागपत्र देना अनिवार्य होगा।
3) सरकार के विभिन्न अंगों का अलग-अलग कार्यकाल —
अमेरिका में राष्ट्रपति कांग्रेस के किसी भी सदन को समय से पूर्व भंग नहीं कर सकता है, और कांग्रेस केवल महाभियोग की प्रक्रिया के आधार पर ही राष्ट्रपति अथवा न्यायाधीशों को पदच्युत कर सकती है।
अमेरिका में राष्ट्रपति का कार्यकाल 4 वर्ष का होता है। सीनेट के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष का तथा प्रतिनिधि सभा का कार्यकाल 2 वर्ष का होता है। लेकिन वही न्यायाधीश जीवन पर्यंत अपने पदों पर बने रहते हैं।
4) विभिन्न अंगों के सदस्यों के उत्तरदायित्व के संबंध में भिन्नता —
अमेरिका में राष्ट्रपति संपूर्ण राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी और न्यायाधीश संविधान के प्रति उत्तरदायी होता है। अमेरिकी सीनेट का सदस्य संपूर्ण राज्य के प्रति उत्तरदायी होता है। वही प्रतिनिधि सभा का सदस्य जिले के मतदाताओं के प्रति उत्तरदायी होता है। इस उत्तरदायित्व का मुख्य कारण संविधान के द्वारा चुनाव के संबंध में की जाने वाली व्यवस्था है।
अमेरिका में संसदात्मक शासन ना होकर अध्यक्षात्मक शासन व्यवस्था को अपनाया गया है जिसका मुख्य कारण शक्ति विभाजन सिद्धांत है।
इस प्रकार यह कहा जा सकता है कि सरकार के अंगों की एक दूसरे से यह स्वतंत्रता ही शक्ति पृथक्करण सिद्धांत का मूल तत्व है। अमेरिकी न्यायपालिका भी शक्ति विभाजन के सिद्धांत को अमेरिकी संविधान का एक प्रमुख आधार समझती है और इसकी रक्षा के लिए प्रयत्नशील रहती है।
किलबोर्न बनाम थाम्पसन के विवाद में सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में कहा था कि, "अमेरिका के लिखित संवैधानिक कानून का मुख्य लक्षण है कि इसके अनुसार राज्य अथवा राष्ट्र से संबंधित जो शक्तियां सरकार को दी गई है वे तीन भागों में बंटी हुई है : कार्यपालिका, विधानमंडल और न्यायपालिका। सरकार के इन तीन विभागों से संबंधित कार्य सार्वजनिक राज्य कर्मचारियों के तीन अलग-अलग वर्गों द्वारा किए जाएंगे, तथा इस प्रणाली की पूर्णता के लिए यह आवश्यक है कि इन तीनों विभागों के कार्य क्षेत्रों को सुनिश्चित एवं स्पष्ट रूप से पृथक पृथक रखा जाए।"
![]() |
| शक्ति पृथक्करण तथा नियंत्रण और संतुलन |
नियंत्रण और संतुलन –
बॉयल के अनुसार, "नियंत्रण और संतुलन की व्यवस्था सोच समझकर की गई है, जिससे शासन की कोई शाखा पागलपन ना कर बैठे।"
नियंत्रण और संतुलन का मतलब साफ है कि सरकार का कोई भी अंक अपनी शक्तियों का दुरुपयोग ना कर सके अर्थात किसी भी तरह की मनमानी ना करें। शासन के विभिन्न अंग एक दूसरे की शक्तियों का नियंत्रण करें, जिससे शक्तियों का संतुलन स्थापित हो सके। शक्ति पृथक्करण तथा नियंत्रण तथा संतुलन यह दो सिद्धांत एक दूसरे की विरोधी ना होकर एक दूसरे की सहायक और पूरक है। इन दोनों सिद्धांतों के उद्देश्य एक ही है और वह है शासन की शक्तियों को मर्यादित कर संविधानवादी शासन की स्थापना करना जिसे शासन नागरिकों की स्वतंत्रताओं को कोई आघात ना पहुंचा सके और ना कभी अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर सके।
मेडिसन के अनुसार, "शक्ति पृथक्करण सिद्धांत का आशय यह नहीं है कि व्यवस्थापिका और न्यायपालिका का एक दूसरे से कोई संबंध ना रहे। जब तक यह तीनों अंग एक दूसरे से संबंध ना किए जाएंगे और इस तरह से मिला नहीं दिए जाएंगे कि एक का नियंत्रण दूसरे पर स्थापित हो जाए तब तक स्वतंत्र सरकार की स्थापना कदापि नहीं हो सकती है।"
अमेरिका के संविधान निर्माताओं ने यह भी निश्चय किया कि तीनों अंगों: व्यवस्थापिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की शक्तियां अलग अलग करने के साथ-साथ ऐसी व्यवस्था भी कर दी जाए कि एक अंग दूसरे अंक को नियंत्रित करता रहे और ऐसा शक्ति संतुलन स्थापित कर दिया जाए कि कोई भी अंग शक्तिशाली ना हो सके। शासन के तीनों अंगों में से प्रत्येक अंग पर दो अंगो के द्वारा नियंत्रण रखते हुए ऐसा शक्ति संतुलन स्थापित कर दिया जाए कि कोई भी अंग मनमानी ना कर पाए। सरकार के तीनों अंगों के संबंध में नियंत्रण तथा संतुलन की व्यवस्था निम्नलिखित है:
1) कांग्रेस पर नियंत्रण —
अमेरिका में कानून बनाने की शक्ति कांग्रेस के पास है किंतु कांग्रेस की इस शक्ति पर राष्ट्रपति और सर्वोच्च न्यायालय का प्रतिबंध होता है। कांग्रेस द्वारा पारित विधेयकों पर राष्ट्रपति विलंबकारी निषेधाधिकार और जेबी निषेधाधिकार लगा सकता है। राष्ट्रपति को प्राप्त इस अधिकार से कांग्रेस पर नियंत्रण स्थापित किया जाता है। राष्ट्रपति कुछ साधनों के द्वारा कांग्रेस द्वारा किए जाने वाले कानून निर्माण के कार्य को प्रभावित कर सकता है—
राष्ट्रपति के द्वारा कांग्रेस को संदेश भेजकर,
राष्ट्र के नाम अपील प्रसारित करके,
कांग्रेस सदस्यों पर विभिन्न अनुग्रह करके
और एक विशेष राजनीतिक दल के नेता के रूप में भी कानून निर्माण के कार्य को प्रभावित कर सकता है।
सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा भी कांग्रेस की कनून निर्माण की शक्ति को प्रतिबंधित किया जाता है। सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा ऐसे कानूनों को अवैधानिक घोषित किया जा सकता है जो उनके विचार में संविधान के प्रतिकूल है। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि अमेरिका में कांग्रेस को कानून निर्माण की शक्ति तो प्राप्त है लेकिन इस संबंध में उसके द्वारा मनमानी नहीं की जा सकती है। राष्ट्रपति और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा संसद पर उसके अनुचित कार्यों पर लगाम लगाई जा सकती है।
2) राष्ट्रपति पर नियंत्रण —
अमेरिका में राष्ट्रपति कार्यपालिका का प्रधान होता है लेकिन वह मनमानी और तानाशाह नहीं बन सकता। सर्वप्रथम कांग्रेस द्वारा उसकी तानाशाही और मनमानी कार्यों पर अंकुश रखा जाता है। इस प्रकार कांग्रेस राष्ट्रपति की शक्तियों पर लगाम लगाती रहती है। राष्ट्र के वित्त पर कांग्रेस के अधिकार होने के कारण कांग्रेस राष्ट्रपति द्वारा चाहे गए धन की स्वीकृति देने से इंकार कर राष्ट्रपति की शक्ति पर लगाम लगाती है। अमेरिकी राष्ट्रपति देश की सेना का अध्यक्ष होता है इस कारण व पर राष्ट्र संबंधों का संचालन भी करता है लेकिन कांग्रेस राष्ट्रपति की शक्ति पर भी नियंत्रण करती है। सर्वप्रथम अमेरिकी संविधान के अनुसार राष्ट्रपति द्वारा की गई युद्ध की घोषणा की पुष्टि कांग्रेस द्वारा की जाती है। राष्ट्रपति द्वारा किए गए समझौतों और संधियों की पुष्टि भी सीनेट के द्वारा अपने 2/3 बहुमत से की जाती है। यदि कांग्रेस के द्वारा इसकी पुष्टि ना की जाए तो यह संधि और समझौते व्यर्थ हो जाते हैं। इसी प्रकार राष्ट्रपति को बड़े-बड़े पदों पर नियुक्तियां करने का अधिकार है किंतु इसके लिए यह व्यवस्था की गई है कि नियुक्तियों पर संसद की स्वीकृति होनी चाहिए। अमेरिकी कांग्रेस राष्ट्रपति पर महाभियोग भी चला सकती है।
अमेरिका में न्यायपालिका द्वारा भी राष्ट्रपति की शक्ति को नियंत्रित किया जाता है। सर्वोच्च न्यायालय राष्ट्रपति के कार्यों का सर्वेक्षण करता है यदि वे कार्य संविधान की व्यवस्था के प्रतिकूल हो तो उन्हें अवैध घोषित कर सकता है।
3) न्यायपालिका पर नियंत्रण —
अमेरिका में व्यवस्थापिका और कार्यपालिका के द्वारा न्यायपालिका पर सीमित नियंत्रण रखा जाता है। कॉन्ग्रेस न्यायाधीशों की संख्या और उनके वेतन को निश्चित करती है तो वहीं राष्ट्रपति सीनेट की सहमति से न्यायाधीशों की नियुक्ति करता है। कांग्रेस के द्वारा संघीय न्यायालय का अपीलीय क्षेत्राधिकार सीमित किया जा सकता है और महाभियोग के आधार पर न्यायाधीशों को पदच्युत भी किया जा सकता है। सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा दिए गए किसी भी समय जो कांग्रेस की दृष्टि में अनुचित हो तो कॉन्ग्रेस संविधान में संशोधन कर उसे उचित घोषित कर सकती है। यदि न्यायपालिका किसी व्यक्ति को दंडित करती है तो राष्ट्रपति का यह अधिकार है कि वह उसे क्षमा कर सकता है या उसके दंड को कम कर सकता है।

Post a Comment
Thnx