नौकरशाही का अर्थ एवं परिभाषा

प्रश्न. नौकरशाही से आप क्या समझते है ?

नौकरशाही शब्द जितना सुपरिचित है तथा सामान्य प्रयोग में आने वाला शब्द है उतना ही यह बदनाम तथा अप्रिय भी समझा जाता है। नौकरशाही के अंतर्गत कर्मचारीगण अपने पद के दायित्वों का निर्वाह करते हुए एक विशेष प्रकार का आचरण करते हैं। इसके अंतर्गत लोक सेवकों की भर्ती, प्रशिक्षण, पदोन्नति, पद वर्गीकरण, वेतन, सेवा की अन्य शर्तें आदि विषय आते हैं। 

नौकरशाही का अर्थ एवं परिभाषा 

सर्वप्रथम 18वीं शताब्दी के मध्य में फ्रांसीसी विचारक दि गर्ने ने नौकरशाही शब्द का प्रयोग किया। 

गर्ने के अनुसार, "फ्रांस में एक नई बीमारी ने जन्म लिया है जो हमारे लिए मुसीबत बन सकती है। उन्होंने इस बीमारी को बुयोरोमेनिया नया नाम दिया। आगे चलकर मैक्स वेबर, मोस्का, मिचेल्स आदि ने इस शब्द का प्रयोग किया।

नौकरशाही का अर्थ :–

नौकरशाही का अंग्रेजी पर्यायवाची शब्द ब्यूरोक्रेसी फ्रांसीसी भाषा के ब्यूरो शब्द से लिया गया है। इसका अर्थ एक विभाग से है जो सरकारी विभाग का परिचायक है। फ्रांस में इस शब्द का प्रयोग ड्रावर वाली मेज अथवा लिखने की डेस्क के लिए हुआ करता था। मेज के कपड़े को ब्यूरल कहा जाता था तथा इसी के आधार पर निर्मित ब्यूरो शब्द सरकारी कार्यों का परिचायक था। आगे चलकर इसका प्रयोग विशेष प्रकार की सरकार को चलाने के लिए किया गया। 19वीं शताब्दी में इसका  दोष के साथ प्रयोग सारी यूरोप में किया जाने लगा। जहां कहीं भी निरंकुशता, संकुचित दृष्टिकोण दिखाई पड़ी उसे नौकरशाही का नाम दिया गया। धीरे-धीरे इसका भावार्थ नियमों की कठोरता, अनुत्तरदायित्व, जटिल प्रक्रियाओं तथा निहित स्वार्थों से किया जाने लगा।

नौकरशाही की परिभाषा :–

रॉबर्ट सी स्टोन के अनुसार, "इस पद का शाब्दिक अर्थ कार्यालय तथा शासन या अधिकारियों द्वारा शासन है।"

मोस्का के अनुसार, "नौकरशाही उच्च वर्गीय अधिकारियों का निरंकुश नियंत्रण है।"

रैमजे म्योर के अनुसार, "नौकरशाही का मतलब है स्थाई अधिकारी और व्यवसायिक प्रशासक।"

माइकल क्रोजियर के अनुसार, नौकरशाही अस्पष्ट शब्द है। समाज विज्ञान में इस शब्द का प्रयोग मुख्यतः तीन रूपों में हुआ है —  

प्रथम, प्रयोग के अनुसार ब्यूरोक्रेसी ब्यूरो द्वारा सरकार है। यह राज्य के उन विभागों द्वारा संचालित होती है जिनमें निर्वाचित नहीं वरन नियुक्त कार्यकर्ता होते हैं। वह पदसोपान के रूप में संगठित किए जाते हैं। इस अर्थ में नौकरशाही कानून व्यवस्था के शासन की परिचायक है, किंतु इसमें जनता का कोई योगदान नहीं होता।

दितीय, इसका दूसरा प्रयोग मैक्स वेबर से  प्रारंभ हुआ तथा इसे समाजशास्त्रीय एवं इतिहासकारों द्वारा लोकप्रिय बनाया गया। तदनुसार नौकरशाही सामूहिक क्रियाओं का तर्कीकीकरण है। इसके लिए उत्पादन इकाइयों का केंद्रीकरण तथा सभी संगठन में निर्वेविक्तिक नियमों का विकास किया जाता है। नियमों द्वारा विभिन्न पदाधिकारियों के कार्यों तथा दायित्व को परिभाषित किया जाता है। 

तृतीय, इसका तीसरा प्रयोग ऐसे संगठन का धोतक है जिसमें कार्यों का धीमापन, प्रक्रियाओं की जटिलता, नियमित  कार्यविधि, लक्ष्य के प्रति दुर्भावनापूर्ण प्रतिक्रियाएं, कष्टकारी प्रभाव, लालफीताशाही, विभागीयता का विचार, आदि बातें एक साथ होती है।

नौकरशाही के आधुनिक अवधारणा का प्रस्तुतीकरण मुख्यता संरचनात्मक तथा कार्यात्मक दो दृष्टि से किया गया है। संरचनात्मक दृष्टि से नौकरशाही को एक ऐसी प्रशासन व्यवस्था माना गया जिसमें पदसोपान विशेषीकरण, योग्य कार्यकर्ता आदि विशेषताएं पाई जाती है।

निष्कर्ष :–

संक्षेप में नौकरशाही शब्द के विभिन्न प्रयोगों और अर्थों को देखकर यह कहा जा सकता है कि निश्चित ही यह शब्द पर्याप्त अस्पष्ट और अनेकआर्थक है। नौकरशाही तंत्र उन सामाजिक संरचनाओं में से एक है जिनको एक बार पूर्ण स्थापित हो जाने के बाद नष्ट करना सबसे ज्यादा कठिन है। एक विद्वान के अनुसार आज जब सरकार का प्रमुख कृत्य कार्य का विनियमन ना होकर संचालन हो गया तो प्रशासनिक राज्य का स्थान नवकरशाही राज्य लेने लगा है।

Post a Comment

Thnx

Previous Post Next Post