भारत में स्थानीय स्वशासन (Local Self Government In India)

भारत में स्थानीय स्वशासन (Local Self Government Of India)
(Political Science Honours, Sem-3, Paper-5)




स्थानीय स्वशासन का अर्थ:-

किसी राज्य में जब किसी स्थान विशेष का शासन वही के नागरिक अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से करते हैं तो इस प्रकार की व्यवस्था को स्थानीय स्वशासन की संज्ञा दी जाती है। भारत जैसे विशाल और विविधता पूर्ण देश में स्थानीय स्वशासन के अभाव में लोकतांत्रिक कल्याणकारी राज्य विकास प्रशासन आदि अवधारणाएं कोरी कल्पनाएं होंगी। निसंदेह स्थानीय स्वशासन प्रजातांत्रिक भावनाओं को साकार रूप प्रदान करने का तथा प्रशासन के विकेंद्रीकरण का सर्वोत्तम माध्यम है। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को केंद्र व संबंधित राज्य के अधीन रहने के बावजूद अपने क्षेत्राधिकार में आवश्यक अधिकार व शक्तियां प्राप्त होती है जिससे कि स्थानीय निवासियों की आवश्यकता तथा अन्य निर्धारित कर्तव्यों की पूर्ति की जा सके स्थानीय प्रशासनिक इकाइयां अपने क्षेत्र में संप्रभु व स्वायत होती हैै।


आशीर्वादम के अनुसार..

 "स्थानीय स्वशासन केंद्र सरकार या राज्य सरकार के अधिनियम द्वारा निर्मित एक ऐसी प्रशासकीय इकाई है चाहे वह ग्राम हो, अथवा नगर, जिसमें एक विशेष क्षेत्र की जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि होते हैं। वह प्रतिनिधि अपने दायित्व क्षेत्र की परिसीमा में प्रदर अधिकारी का प्रयोग लोक कल्याण के लिए करते हैं।"


फ्रेडरिक के अनुसार..

 "स्थानीय स्वशासन एक स्थानीय समाज की ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था है जो व्यवस्थापिका के विषयों से इस प्रकार विनियमित होती है कि स्थानीय रूप से सक्रिय होने पर वह सरकार द्वारा सौंपी गई उस सत्ता का प्रतिनिधित्व करें।"


उपयुक्त परिभाषा से स्पष्ट हो जाता है कि -

1. स्थानीय शासन का संबंध राज्य के अंतर्गत एक छोटे क्षेत्र विशेष से होता है यथा गांव, कस्बा, शहर, जिला आदि।

2. स्थानीय सरकार राज्य सरकार के अधीन होते हुए भी अपने क्षेत्र में संप्रभु होती है।

3. स्थानीय सरकार का संबंध स्थानीय जनता स्थानीय विषयों एवं स्थानीय समस्याओं से होता है।

4. राज्य के अधीन होने पर स्थानीय सरकार के प्रतिनिधियों का चुनाव स्वतंत्र रूप से स्थानीय निवासियों द्वारा किया जाता है।

5. स्थानीय शासन स्थानीय दायित्वों की पूर्ति हेतु स्थानीय मतों से ही पर्याप्त राजस्व एकत्रित कर उसे स्थानीय लक्ष्यों की पूर्ति  व्यय करता है।

स्थानीय शासन व स्थानीय स्वशासन में भी अंतर है। यदि किसी स्थान विशेष का शासन केंद्रीय राज्य सरकार द्वारा चलाया जाता है तो वह स्थानीय शासन कहलाता है। जबकि उसी स्थान विशेष के जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाने वाला शासन स्थानीय स्वशासन होगा। स्थानीय स्तर पर शासन का विकेंद्रीकरण कर जनता को राजनीतिक व प्रशासनिक सहभागिता के अवसर प्रदान किए जाते हैं। विकेंद्रीकरण की यह व्यवस्था राज्य व्यवस्थापिका के अधिनियम के अंतर्गत की जाती है। स्थानीय संस्थाएं अधिनियम द्वारा प्रदत अधिकारों व शक्तियों के आधार पर स्थानीय शासन का संचालन करती है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में स्वायत्तता प्राप्त होती है जो कि अधिनियम की व्यवस्था के अनुसार संबंध राज्य सरकार द्वारा मर्यादित होती है।



स्थानीय स्वशासन की आवश्यकता ना केवल स्थानीय शासन हेतु एवं नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु होती है वरन सामुदायिक आवास के परिणाम स्वरुप उत्पन्न हुई समस्याओं के निराकरण हेतु भी होती है। वर्तमान समय में स्थानीय स्तर पर निरंतर बढ़ती समस्याओं के कारण स्थानीय स्वशासन के महत्त्व में भी वृद्धि हो रही है तथा इसे अपरिहार्य माना जाने लगा है। इसके अतिरिक्त आधुनिक समय में शासन संबंधी कार्यकलापों में अत्यधिक वृद्धि हो जाने के कारण तथा लोक कल्याणकारी राज्य के दायित्व में हुई वृद्धि के परिणाम स्वरूप केंद्र और राज्य सरकारें अपने अपने क्षेत्राधिकार के दायित्वों की संतोषजनक पूर्ति में असफल रही रहती है। तथा स्थानीय स्तर के विषय सामान्यतः उपेक्षित ही रह जाते हैं। इन परिस्थितियों में भी स्थानीय स्वशासन के महत्त में वृद्धि हुई है।

किसी भी देश में उच्च स्तर पर लोकतंत्र की स्थापना मात्र से वास्तविक लोकतंत्र की स्थापना संभव नहीं है। सही अर्थों में लोकतंत्र की स्थापना के लिए निम्न स्तर तक लोकतंत्र की स्थापना करनी होगी। स्थानीय संस्थाएं प्रजातंत्र के लिए नीव का कार्य करती है। प्रशासन की सफलता का रहस्य प्रशासन के अधिकाधिक विकेंद्रीकरण में निहित होता है और अधिकाधिक विकेंद्रीकरण स्थानीय स्वशासन के अभाव में संभव नहीं है।



भारत में स्थानीय स्वशासन की उत्पत्ति एवं विकास:-

भारत में स्थानीय स्वशासन की अवधारणा कोई नवीन अवधारणा नहीं है। प्राचीन भारत में भी स्थानीय स्वशासन होने के साक्ष्य मिलते हैं। समय व परिस्थितियों के अनुसार इस व्यवस्था के स्वरूप में अवश्य भिन्नता रही है। आज भी भारत के विभिन्न राज्यों में स्थानीय स्वशासन का स्वरूप भिन्न-भिन्न है। भारत में स्थानीय स्वशासन के विकास को निम्नलिखित रूपों में समझा जा सकता है-

1. प्राचीन काल में स्थानीय स्वशासन :-

अनेक साक्ष्यों से यह प्रमाणित हो जाता है कि प्राचीन काल में भी स्थानीय स्वशासन की व्यवस्था किसी ना किसी रूप में विद्यमान रही है। सर्वप्रथम मेगस्थनीज के विवरण से तीसरी शताब्दी ईस्वी पूर्व में भारत में नगरीय शासन होने के प्रमाण मिलते हैं। विवरण के अनुसार नगरीय शासन को पांच पांच सदस्यों की छांव समितियों में विभाजित किया गया था। इन समितियों को भिन्न-भिन्न क्षेत्रों के दायित्व सौपे गए थे। इसी प्रकार वैदिक युग में भी ग्राम स्वशासन के प्रमाण प्राप्त होते हैं। मनु स्मृति से भी ग्रामीण प्रशासन के संकेत प्राप्त हुए हैं। कौटिल्य के अर्थशास्त्र से यह स्पष्ट हो जाता है कि मौर्य काल में शासन की सुविधा के लिए निम्नतम स्तर तक प्रशासन का विकेंद्रीकरण किया गया था। प्रांतों को स्थानीय इकाइयों तथा जनपद, स्थानिक, द्रोनमुख, सुवावृटिक, संग्राम व ग्राम में विभाजित किया गया था। गुप्त काल में भी स्थानीय शासन की लगभग यही व्यवस्था रही। राजपूत काल में स्थानीय स्वशासन का महत्व कुछ कम हो गया था।


2. मुगल काल में स्थानीय स्वशासन :-

मुगल काल में नगरीय प्रशासन होने के प्रमाण प्राप्त होते हैं। नगरीय स्थानीय प्रशासन के संचालन के लिए कोतवाल उत्तरदाई होता था। नगरीय प्रशासन पर नियंत्रण रखने के साथ-साथ उस क्षेत्र की समस्याओं से निपटना भी कोतवाल का कर्तव्य था। मुगल काल में ग्रामीण स्थानीय प्रशासन होने के भी प्रमाण प्राप्त हुए हैं। ग्रामीण स्थानीय प्रशासन की निम्नतम इकाई ग्राम थी तथा ग्राम प्रशासन के तीन प्रमुख अधिकारी मुकदम, चौधरी व पटवारी थे। मुगलकालीन स्थानीय प्रशासन के बारे में अबुल फजल की 'आईन ए अकबरी' से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है।


3. ब्रिटिश काल में स्थानीय स्वशासन :-

भारत में स्थानीय स्वशासन का अस्तित्व किसी ना किसी रूप में प्राचीन काल से ही रहा है किंतु ब्रिटिश काल में स्थानीय स्वशासन का संगठित एवं व्यवस्थित रूप उभर कर सामने आया स्थानीय स्तर पर प्रजातांत्रिक शासन की स्थापना करना इसी काल में संभव हो सका स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को व्यापक अधिकार व शक्तियां वैधानिक तरीके से सौंपी गई।

सर्वप्रथम 1687 में ब्रिटिश सरकार द्वारा मद्रास नगर निगम की स्थापना की गई। मुंबई व कोलकाता में भी नगरपालिका की स्थापना की गई। 1773 में रेगुलेटिंग एक्ट की स्थापना की गई वह 1793 के चार्टर एक्ट ने भी इस  स्वशासन के विकास को गति प्रदान की।

1882 में लॉर्ड रिपन ने स्थानीय स्वशासन के विकास संबंधित एक प्रस्ताव पास किया। इस प्रस्ताव का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बुद्धिजीवी भारतीयों की प्रशासनिक सहभागिता सुनिश्चित करना था। प्रस्ताव के माध्यम से प्रांतीय सरकारों को निर्देश दिए गए कि वह स्थानीय प्रशासनिक इकाइयों को समुचित धन उपलब्ध कराएं स्थानीय स्वशासन में सरकार द्वारा मनोनीत सदस्यों की संख्या पहले अधिक थी जो लोकतांत्रिक भावना के नितांत विपरीत था किंतु अब ग्रामीण एवं नगरीय प्रशासन में निर्वाचित सदस्यों का सर मत रखने पर बल दिया गया स्थानीय अधिकारियों को करारोपण के अधिकार दिए गए गए। लार्ड रिपन द्वारा प्रस्तुत इन सूचनाओं के आधार पर ही उसे भारत में स्थानीय स्वशासन का जनक कहा जाता है। 

इसके बाद सन् 1916 मे रॉयल कमीशन के सुझाव ने भी स्थानीय स्वशासन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कमीशन के द्वारा प्रस्तुत सुझाव निम्न प्रकार थे -

1. स्थानीय प्रशासनिक संस्थओं का अपने कर्मचारियों पर पूर्ण नियंत्रण,

2. प्रत्येक ग्राम में एक पंचायत की स्थापना,

3. नगर में नगर पालिका की स्थापना,

4. नगरपालिका के अधिकांश सदस्यों की नियुक्ति निर्वाचन के आधार पर,

5. नगर पालिका को बजट निर्माण व करारोपण की शक्तियां,

6. अल्पसंख्यकों के प्रतिनिधियों का मनोनयन।

यदि सरकार ने कमीशन के सुझाव पर कोई ध्यान नहीं दिया लेकिन 1918 में एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें लगभग यही बातें दोहराई गई थी।

सन 1919 के अधिनियम के द्वारा स्थानीय प्रशासन को निर्वाचित मंत्रियों के अधीन कर दिया गया। इस व्यवस्था के द्वारा स्थानीय स्वशासन का विषय केंद्रीय सरकार के हाथों से निकलकर प्रांतीय सरकार के हाथों में आ गया। प्रत्येक प्रांतीय सरकार द्वारा अपने-अपन अधिनियम के तहत स्थानीय शासन की स्थापना की जाने लगी। परिणाम स्वरुप स्थानीय प्रशासन में पाई जाने वाली एकरूपता समाप्त होने लगी। इसके बाद महत्वपूर्ण परिवर्तन आया और वह परिवर्तन यह था कि स्थानीय प्रशासन जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधियों के हाथों में सौंपा गया।

भारत शासन अधिनियम 1935 का सर्वाधिक महत्वपूर्ण प्रावधान प्रांतीय स्वायत्तता से संबंधित था। इस अधिनियम के द्वारा स्थानीय स्वशासन की दिशा में उल्लेखनीय सुधार किए गए जिनमें से प्रमुख है-

1. मताधिकार की आयु सीमा घटाना,

2. प्रमुख नगर पालिकाओं की समस्याओं के समाधान हेतु समितियों की नियुक्ति 

3. स्थानीय संस्थाओं में सरकार द्वारा मनोनीत सदस्यों की संख्या कम करना 

4. परामर्श दात्री और कार्यकारी निकायों को पृथक पृथक रखना।


4. स्वतंत्र भारत में स्थानीय स्वशासन :-

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद सन 1948 में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अमृत कौर ने राज्यों के स्वायत्त शासन मंत्रियों का एक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन का उद्घाघाटन करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्थानीय स्वशासन की आवश्यकता पर अपने विचार इन शब्दों में व्यक्त किए..
" स्थानीय स्वशासन किसी भी सच्ची प्रजातांत्रिक व्यवस्था का आधार है और होना भी चाहिए। हमें आदत सी हो गई है कि हम प्रशासन के उच्च स्तरों पर ही प्रजातंत्र की स्थापना की सोचते हैं निम्न स्तर पर नहीं। जब तक प्रजातंत्र निम्न स्तर की आधारशिला पर निर्माण का विकास नहीं किया जाता तब तक लोकतंत्र कदापि सफल नहीं हो सकता।

स्वतंत्रता के बाद स्थानीय स्वशासन के विकास की दिशा में निम्नलिखित कदम उठाए गए -

1. स्थानीय प्रशासन को प्रजातंत्र की आधारशिला के रूप में मान्यता प्रदान की गई।

2. स्थानीय संस्थाओं को प्रांतीय सरकारों के नियंत्रण में रखा गया।

3. स्थानीय प्रशासनिक संस्थाओं को करारोपण के अधिकार दिए गए।

4. मद्रास व बिहार में पूर्व काल से प्रचलित मनोनयन की प्रथा को समाप्त कर दिया गया।

5. अधिकांश राज्यों की नगर पालिकाओं की निर्वाचन हेतु वयस्क मताधिकार का नियम लागू किया गया इसके साथ ही नगर पालिकाओं की विदाई व कार्यकारी शक्तियों का पृथक्करण किया गया।

6. नगर पालिका के साथ-साथ ग्राम पंचायतों के कार्य क्षेत्र का भी विस्तार किया गया।

7. संविधान के अंतर्गत स्थानीय स्वशासन को राज्य सूची का विषय घोषित किया गया।

8. संविधान के अंतर्गत नगरीय स्थानीय संस्थाओं की तुलना में ग्रामीण स्थानीय प्रशासनिक संस्थाओं के विकास पर अधिक बल दिया गया।

9. संविधान के अंतर्गत नीति निर्देशक तत्व में ग्राम पंचायतों के गठन को विशेष मह देते हुए इस संबंध में प्रावधान किए गए।

10. स्थानीय स्वशासन की संस्थाओं को दो भागों में विभक्त किया गया नगरीय स्थानीय स्वशासन संस्थाएं एवं ग्रामीण स्थानीय स्वशासन संस्थाएं।


बलवंत राय मेहता समिति :-

स्वतंत्रता के पश्चात नगरीय स्थानीय प्रशासन के क्षेत्र में लगभग वही व्यवस्था कायम रही जो कि ब्रिटिश काल में थी किन्तु ग्रामीण स्थानीय स्वशासन के क्षेत्र में उस समय क्रांतिकारी परिवर्तन आया जबकि 1957 में बलवंत राय मेहता समिति ने इस संबंध में अपनी संस्तुतियों प्रस्तुत की। जिनके अनुसार प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को साकार रूप प्रदान करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था का आरंभ किया गया। सर्वप्रथम 2 अक्टूबर 1959 को राजस्थान के नागौर जिले में इस व्यवस्था को लागू किया गया।

Local Self Government
Political Science 



स्वतंत्र भारत में जहां एक और बलवंत राय मेहता समिति की संस्तुतियों ने ग्रामीण स्थानीय प्रशासन के विकास को गति प्रदान की वहीं दूसरी ओर औद्योगिकरण ने नगरीकरण को प्रोत्साहित किया। नगरीकरण के परिणाम स्वरुप उत्पन्न समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु तृतीय पंचवर्षीय योजना में नगरीय स्वशासन संस्थाओं के विकास की ओर विशेष ध्यान दिया गया। इस योजना में राज्य सरकारों से अपेक्षा की गई कि वे नगर स्थानीय प्रशासन के विकास हेतु आवश्यक साधन व अनुकूल परिस्थितियां उत्पन्न करें ताकि नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने का उत्तरदायित्व भी इन संस्थाओं को सौंपी जाए।

राज्य सरकार के अधीन विषय होने पर भी केंद्र सरकार ने नगरीय स्थानीय स्वशासन की समस्याओं के निराकरण हेतु कतिपय समितियां नियुक्त की यथा स्थानीय नियमित जांच समिति 1951, नगर पालिका कर्मचारी प्रशिक्षण समिति 1963, ग्रामीण नगर के संबंध समिति 1966, नगरीय कर्मचारियों की सेवा शर्तों से संबंधित समिति आदि।

ग्रामीण स्थानीय स्वशासन के विकास को दृष्टि में रखते हुए सन् 1978 में अशोक मेहता समिति नियुक्त की गई। समिति को यह दायित्व सौंपा गया था कि वह पंचायती राज को अधिक कारगर व सक्षम बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत करें। समिति ने ग्रामीण स्थानीय स्वशासन के ढांचे में कोई विशेष परिवर्तन नहीं किया।

यद्यपि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत में स्थानीय स्वशासन के विकास हेतु अनेक प्रयास किए गए किंतु व्यवहार में अनेक कारण थे जिन्होंने इस क्षेत्र में विकास को गति की को अवरुद्ध कर दिया था। जैसे कि राज्य सरकारें इन संस्थाओं के निश्चित समय पर चुनाव कराने में असफल रही। स्थानीय स्वशासन की संस्थाओं ने भी अपेक्षित तरीके से दायित्वों की पूर्ति नहीं की। दल बंदी ने भी विकास प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव डाला। अनेक अवसरों पर राज्य सरकारों ने अकारण ही इन संस्थाओं को निश्चित अवधि से पूर्व भंग कर दिया। स्थानीय स्तर पर अपने दायित्वों की पूर्ति हेतु इन संस्थाओं को पर्याप्त शक्तियां व अधिकार भी नहीं शौपे गए थे। वित्तीय दृष्टि से भी अभाव की स्थिति बनी रही। अनुसूचित जातियों अनुसूचित जनजातियों एवं महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया।


Student Of Ram Lakhan Singh Yadav
College, Ranchi.


Post a Comment

Thnx

Previous Post Next Post