लगभग 150 वर्षों के संघर्षपूर्ण इतिहास के बाद 1789 में अमेरिकी संविधान का निर्माण हुआ। जिसके अंतर्गत यूरोपियन अमेरिका में जाकर बसे, स्वतंत्रता की घोषणा की और संविधान का निर्माण किया।
अमेरिकी संविधान का उदय:-
अमरिकी संविधान विश्व का प्रथम निर्मित और लिखित संविधान है, जिसका निर्माण 1787 में हुआ और इसे 1789 में लागू किया गया। इससे पहले अमेरिका में अंग्रेजो का शासन था। इस संविधान के निर्माण से पहले अमरिका में बहुत सी एतिहासिक घटनाए घटी।
1492 में स्पेन निवासी कोलंबस के अमेरिका की खोज के साथ ही यूरोप के लिए अमेरिका का द्वार खुल गया। यूरोपियन बड़ी संख्या में अमेरिका जाकर बसने लगे। उनके वहां बसने के पीछे आर्थिक और सामाजिक कारण रहे थे। 1775 तक अमेरीका में 13 उपनिवेशों की स्थापना हो गई थी। इन उपनिवेशों की आंतरिक प्रशासन संबंधी मामलों में पर्याप्त सीमा तक स्वतंत्रता प्राप्त होते हुए भी देशी तथा सेना संबंधी मामलों का संचालन ब्रिटिश सरकार द्वारा किया जाता था।
इंग्लैंड ने अमेरिकी उपनिवेश पर अनेक कर लगाने तथा कठोर कानून पारित करने शुरू कर दिए। अमेरिकन उपनिवेशो ने इसके विरोध में "प्रतिनिधित्व के बिना कर नहीं" की घोषणा की। इंग्लैंड ने कठोरता पूर्वक अमेरिकी जनता की आवाज को दबा दिया। जिसके विरोध में 13 उपनिवेशों में एकता की भावना जागृत हुई और उनमें राष्ट्रीयता का विकास होता चला गया।
इस सोचनीय स्थिति पर विचार के लिए उपनिवेशों के प्रतिनिधियों की 5 सितंबर 1774 तथा 10 मई 1775 को फिलाडेल्फिया में दो बार कांग्रेस की बैठक की गई लेकिन ब्रिटेन द्वारा समझौते का कोई प्रयास नहीं किया गया। ब्रिटेन द्वारा इस सभा की याचिका ठुकरा देने के बाद 4 जुलाई 1776 को अमेरिकी जनता ने औपचारिक रूप से अमेरिका की स्वतंत्रता की घोषणा कर दी।
इस घोषणा के साथ ही अमेरिकी उपनिवेशों ने एक इकाई के रूप में कार्य करना शुरू कर दिया। इसके बाद परिसंघ की प्रस्तावना का प्रस्ताव पास किया गया प्रस्ताव पास होने के बाद 1781 में परिसंघ की स्थापना हो गई।
उपनिवेशों ने विद्रोह को आगे बढ़ाया तो ब्रिटिश सरकार ने सैनिक बल का प्रयोग कर उन्हें कुचलना चाहा। 6 वर्षों तक युद्ध चलने के बाद 19 अक्टूबर 1781 को अमेरिकन उपनिवेशों की जीत हुई। इस युद्ध में ब्रिटिश सेनापति कार्नवालिस की पराजय हुई।
ब्रिटिश लोक सदन में युद्ध रोकने के लिए मतदान किया गया। लार्ड नार्थ की सरकार ने अपना त्यागपत्र दिया। नवीन सरकार जॉर्ज तृतीय ने अमेरिका को स्वतंत्रता की मान्यता दे दी तथा 1783 में ब्रिटेन और अमेरिका के बीच संधि संपन्न हुई।
वर्तमान संविधान का निर्माण:-
परिसंघ के आधार पर इंग्लैंड से युद्ध जीत लिया गया किंतु परिसंघ में कुछ त्रुटियां आ गई। इसलिए विधान पर दोबारा विचार के लिए फिलाडेल्फिया में 25 मई 1787 को एक सभा की गई जिसमें 13 राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जेम्स मैडिसन, अलेक्जेंडर हैमिल्ट, बेंजामिन फ्रैंकलीन, जॉर्ज मैसन जेम्स विलियम आदि प्रसिद्ध व्यक्ति इस सभा में शामिल हुए। अमेरिका में दो वर्ग आपस में बंट गए। एक संघवाद का समर्थन था तो दूसरा संघवाद का विरोधी।
संघवादी पक्ष की विजय के साथ ही परिसंघ के स्थान पर नवीन संघ राज्य की स्थापना के प्रारूप तैयार किए जाने लगे। अध्यक्षात्मक शासन व्यवस्था को अपनाया गया और 26 जुलाई 1787 को संविधान के प्रमुख सिद्धांतों पर सहमति के साथ 26 प्रस्तावों के रूप में नवी संविधान को स्वीकार कर लिया गया। इसी वर्ष 15 सितंबर तक मिस्टर मैरिस की अध्यक्षता में एक समिति गठन कर संविधान का प्रारूप तैयार कर लिया गया।
 |
| Political Studies | UG |
लेकिन अमेरिकी संविधान का प्रारूप तभी लागू किया जाता जब 13 राज्यों में से 9 राज्यों के द्वारा उन्हें स्वीकार किया जाता। लेकिन संविधान को स्वीकार नहीं किया गया क्योंकि देश में दो दलों– संघवाद के समर्थन अर्थात केंद्र को अधिक शक्तिशाली बनाने के समर्थन और संघवाद के विरोधी अर्थात केंद्र को अधिक शक्तिशाली बनाने के विरोधी में बट गया। संघवाद के विरोधियों के द्वारा इस आधार पर भी विरोध किया गया क्योंकि संविधान में अधिकार पत्र की व्यवस्था नहीं की गई थी। अंत में दोनों पक्षों में समझौते द्वारा रास्ता निकाला गया और संघवादियों द्वारा स्वीकार किया गया कि सरकार की स्थापना के तुरंत बाद अधिकार पत्र की व्यवस्था कर दी जाएगी।
दोनों पक्षों द्वारा यह निर्णय लिया गया कि संविधान के अनुसार 4 मार्च 1789 से कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस प्रकार विश्व का प्रथम निर्मित और लिखित संविधान 1787 में निर्मित और 1789 में लागू किया गया।
अमेरिकी संविधान की प्रमुख विशेषताएं:-
1. निर्मित और लिखित संविधान
2. वृहत संक्षिप्त संविधान
3. गणतंत्र की स्थापना
4. संविधान की सर्वोच्चता
5. कठोर संविधान
6. न्यायिक सर्वोच्चता
7. अध्यक्षात्मक शासन व्यवस्था
8. शक्ति विभाजन
9. नियंत्रण और संतुलन
10. प्रतिनिधियात्मक लोकतंत्र
11. मौलिक अधिकारों की व्यवस्था
12. दोहरी नागरिकता
1. निर्मित और लिखित संविधान:-
अमेरिकी संविधान निर्मित तथा विश्व का पहला लिखित संविधान है। यह एक निश्चित समय की कृति है। ब्रिटिश संविधान की तरह इसका क्रमिक विकास ना होकर अमेरिकी संविधान के मूल ढांचे का निर्माण 1787 में फिलाडेल्फिया सम्मेलन में किया गया।
अमेरिका का संविधान विश्व का प्रथम लिखित संविधान है। संविधान के अधिकांश धाराएं और मूल ढांचा लिपिबद्ध है। इसके अलावा न्यायिक प्रशासनिक कार्यों और परंपराओं के आधार पर संविधान का विकास होता रहा है। अमेरिका के लिखित संविधान से प्रेरित होकर ही विश्व के अन्य देशों ने इसे अपनाया है।
ब्राइस के अनुसार "अमेरिका का संविधान विश्व के लिखित संविधानो में सर्वोच्च है।"
2. वृहत संक्षिप्त संविधान:-
मुनरो के अनुसार संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान में 4000 शब्द है जो 10 या 12 पृष्ठों में मुद्रित है। और जिन्हें आधे घंटे में पढ़ा जा सकता है। विश्व के लिखित संविधान में अमेरिकी संविधान सर्वाधिक संक्षिप्त प्रलेख है। कनाडा के संविधान में 147 अनुच्छेद, ऑस्ट्रेलिया के संविधान में 128 अनुच्छेद, दक्षिण अफ्रीका के संविधान में 153 अनुच्छेद तथा भारतीय संविधान में 393 अनुच्छेद और 12 अनुसूचियां है। जबकि अमेरिकी संविधान में मात्र 7 अनुच्छेद है।
संविधान निर्माताओं ने अमेरिकी संविधान का केवल मूल ढांचा तैयार किया। वे इस बात से परिचित थे कि व्यवस्था के संबंध में वे ठीक प्रकार से नहीं सोच सकते। इसलिए उन्होंने स्वयं व्यवस्था करने के बजाय उसमें रेखाएं भरने का कार्य आने वाले समय पर छोड़ दिया।
अमेरिकी संविधान की अत्यधिक संक्षिप्तता के कारण बैंकों की व्यवस्था, विधि और बजट निर्माण, कृषि उद्योगों के संचालन और शिक्षा आदि विषयों तथा कांग्रेस के दोनों सदनों के अध्यक्षों की शक्तियां क्या होगी या दोनों के बीच विवाद का निपटारा कैसे होगा इस संबंध में कुछ भी नहीं कहा गया है। संविधान की इस संक्षिप्तता के कारण संवैधानिक विवादों का उदय और न्यायपालिका का महत्व बढ़ा है।
3. गणतंत्र की स्थापना:-
अमेरिकी लोकतंत्र का अध्यक्ष ब्रिटेन के प्रधान की भांति वंशानुगत आधार पर अपना पद ग्रहण नहीं करता है वरन वह निर्वाचित होता है। अर्थात संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान द्वारा अमेरिका में गणतंत्र की स्थापना की गई है। संयुक्त राज्य अमेरिका के संघ का अध्यक्ष राष्ट्रपति है जो जनता द्वारा निर्वाचित मंडल के सदस्यों द्वारा चुना जाता है। अमेरिका के केवल संघ में ही नहीं वरन संघ के इकाइयों में भी गणतंत्र की स्थापना की गई है। संविधान की धारा 4 के चौथे अनुबंध में कहा गया है कि संयुक्त राज्य की संघीय सरकार इस संघ के प्रत्येक राज्य में गणतंत्र सरकार की स्थापना की गारंटी देगी।
4. संविधान की सर्वोच्चता:-
अमेरिकी संविधान अमेरिका का सर्वोच्च कानून है। सर्वोच्च न्यायालय तथा संघ की इकाइयां, कांग्रेस तथा राष्ट्रपति कोई भी इसका उल्लंघन नहीं कर सकता है। सभी संविधान के अधीन है। अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद 6 में कहा गया है कि यह संविधान और इसके द्वारा बनाए गए सभी कानून संयुक्त राज्य अमेरिका के प्राधिकार के अधीन की गई है। अथवा भविष्य में की जाने वाली सभी संधियां देश का सर्वोच्च कानून होगी। और प्रत्येक राज्य के न्यायाधीश उससे बाध्य होंगे। किसी भी राज्य के संविधान अथवा कानून की कोई भी बात जो इस संविधान के विरुद्ध होगी अवैध समझी जाएगी।
"व्यवहार में भी अमेरिकी अपने संविधान के प्रति जितना सम्मान रखते हैं उतना अन्य किसी भी देश के नागरिक अपने संविधान के प्रति नहीं रखते"
– हियर
5. कठोर संविधान:-
अमेरिकी संविधान कठोर है। संघात्मक शासन व्यवस्था स्थापित किए जाने के कारण अमरीका के लिए कठोर संविधान अपनाना आवश्यक था। कठोर संविधान से तात्पर्य है कि अमेरिकी कांग्रेस के द्वारा जिस प्रक्रिया के आधार पर सामान्य कानूनों का निर्माण किया जाता है उस प्रक्रिया के आधार पर संवैधानिक कानूनों का निर्माण नहीं किया जा सकता है। संविधानिक संशोधन के लिए भिन्न प्रक्रिया को अपनाया जाना अनिवार्य है। अमेरिकी संविधान को न केवल परिभाषित बल्कि व्यवहार में भी परिवर्तन किया जाना बहुत कठिन है। यही कारण है कि 210 वर्ष बीतने के बाद भी अमेरिकी संविधान में प्रथम 10 सशोधन नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करने के लिए किए गए हैं।
6. न्यायिक सर्वोच्चता:-
संविधान की व्याख्या एवं रक्षा के लिए सभी संघात्मक राज्यों के अंतर्गत एक सर्वोच्च न्यायालय की स्थापना आवश्यक है। अमेरिका ने भी न्यायिक सर्वोच्चता के सिद्धांत को अपनाया है। इस कारण अमरीका में न्यायिक सर्वोच्चता है। सर्वोच्च न्यायालय संविधान का उल्लंघन करने वाले कांग्रेस के कानूनों, राज्य सरकारों के कानूनों और कार्यों को अवैध घोषित कर सकता है। इसी को न्यायिक पुनर्विलोकन का अधिकाधिक अधिकार कहते हैं।
इसी अधिकार के तहत सर्वोच्च न्यायालय केंद्र तथा राज्य सरकारों को अपने-अपने क्षेत्रों तक सीमित रखता है। इस प्रकार कानूनों की वैधानिकता की जांच करने के लिए एकमात्र अधिकार सर्वोच्च न्यायालय को प्राप्त है।
7. अध्यक्षात्मक शासन व्यवस्था:-
प्रतिनिध्यात्मक लोकतंत्र में संसदात्मक और अध्यक्षात्मक शासन दो प्रकार पाए जाते हैं। अमेरिका में संसदात्मक के स्थान पर अध्यक्षात्मक व्यवस्था को अपनाया गया है। क्योंकि अमेरिकी संविधान के निर्माता लॉक और माण्टेस्क्यू के दर्शन से प्रभावित थें तथा शक्ति विभाजन के सिद्धांत को नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा का साधन मानते थें।
अध्यक्षात्मक व्यवस्था में कार्यपालिका विभाग व्यवस्थापन विभाग से सर्वथा पृथक होता है। कार्यपालिका विभाग के प्रधान का कार्यकाल निश्चित होता है और वह सभी कार्यों के लिए व्यवस्थापिका के प्रति उत्तरदाई नहीं होता। अमेरिका में राष्ट्रपति को देश के नागरिको द्वारा निर्वाचित किया जाता है। इस पद्धति ने अप्रत्यक्ष निर्वाचन का रूप ग्रहण कर लिया है। निर्वाचित राष्ट्रपति द्वारा व्यक्तियों को मंत्री पद पर नियुक्ति के साथ ही मंत्री परिषद का निर्माण होता है। मंत्री परिषद का अस्तित्व तथा कार्य संपूर्णता राष्ट्रपति पर ही निर्भर होता है। इस कारण मंत्री व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रपति के प्रति उत्तरदाई होते हैं। राष्ट्रपति कांग्रेस से पृथक रहकर शासन शक्ति का संचालन करता है। वह कांग्रेस के प्रति उत्तरदाई नहीं होता। राष्ट्रपति या मंत्री परिषद के सदस्य व्यवस्थापिका की कार्यवाही में भाग नहीं लेते हैं। इस कारणवश कार्यपालिका व्यवस्थापिका को विघटित भी नहीं कर सकती है।
8. शक्ति विभाजन:-
अमेरिकी संविधान के निर्माता इस बात के लिए प्रयत्नशील थे कि शासन अत्यधिक शक्तिशाली होकर नागरिक स्वतंत्रताओं को आघात ना पहुंचा सके। इसी कारण अमेरिका ने अपने संविधान में संघीय व्यवस्था तथा शक्ति विभाजन को सम्मिलित किया। 1787 में फिलाडेल्फिया सम्मेलन में जब नवीन संविधान के निर्माण का कार्य शुरू किया गया उसी समय यह निश्चय किया गया कि शक्ति विभाजन के सिद्धांत को अमेरिकी संविधान का आधारभूत सिद्धांत बनाया जाएगा।
डॉ. फाइनर के अनुसार अमेरिका का संविधान शक्ति विभाजन सिद्धांत पर चलने वाला विश्व में सर्वाधिक प्रसिद्ध राज्य है।
अमेरिकी संविधान के द्वारा शासन के तीन पृथक अंगों की व्यवस्था का कर उन्हें एक दूसरे से बहुत अधिक स्वतंत्रता प्रदान कर दी गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी शक्ति तथा कार्यकाल के संबंध में कांग्रेस से स्वतंत्र होता है। राष्ट्रपति भी कांग्रेस के किसी सदन को समय के पूर्व भंग नहीं कर सकता है।
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा की जाती है किंतु नियुक्ति के बाद राष्ट्रपति या कांग्रेस का उन पर कोई नियंत्रण नहीं रहता और वे उन्हें पद से नहीं हटा सकते हैं। मात्र महाभियोग के द्वारा ही उन्हें पद से हटाया जा सकता है।
अमेरिकी न्यायपालिका भी शक्ति विभाजन के सिद्धांत को अमेरिकी संविधान का एक प्रमुख आधार मानती है।
9. नियंत्रण और संतुलन:-
मेडिसन के अनुसार शक्ति पृथक्करण सिद्धांत का आशय यह नहीं है कि व्यवस्थापिका और न्यायपालिका का एक दूसरे से कोई संबंध ना रहे। जब तक यह तीनों अंग एक दसरे से संबंध ना किए जाएंगे और इस तरह से मिला नहीं दिए जाएंगे कि एक का नियंत्रण दूसरे पर स्थापित हो जाए तब तक स्वतंत्र सरकार की स्थापना कदापि नहीं हो सकती है।
शक्ति विभाजन के सिद्धांत को अपनाने पर शासन का प्रत्येक अंग निश्चित छेत्र में असीमित शक्तियां प्राप्त कर मनमाने ढंग से कार्य कर सकता था। इस कारण अमेरिकी संविधान निर्माताओं द्वारा यह निश्चय किया गया के तीनों अंगों को एक दूसरे से पृथक कर ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि एक अंग दूसरे अंग को नियंत्रण करता रहे। नियंत्रण और संतुलन के सिद्धांत का मतलब यह है कि शासन के तीनों अंगों व्यवस्थापिका कार्यपालिका और न्यायपालिका में से प्रत्येक अंग पर अन्य दो अंगो का नियंत्रण रहेगा। इस पद्धति से तीनों अंगों पर संतुलन स्थापित होगा तथा कोई भी अंग मनमानी नहीं कर सकेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति और कांग्रेस के पारस्परिक संबंधों में इस संतुलन सिद्धांत को प्रमुखता के साथ अपनाया गया है लेकिन न्यायपालिका पर सीमित रूप में।
अमेरिकी कांग्रेस कानून का निर्माण कर सकती है किंतु कांग्रेस के इस शक्ति पर राष्ट्रपति और सर्वोच्च न्यायालय का प्रतिबंध है। कांग्रेस की कानून निर्माण शक्ति पर राष्ट्रपति को विलंबकारी निषेधाधिकार और जेबी निषेधाअधिकार प्राप्त है।
व्यवहार में राष्ट्रपति के द्वारा कांग्रेस को संदेश भेजकर, राष्ट्र के नाम अपील प्रसारित कर, अनुग्रह द्वारा तथा एक विशेष राजनीतिक दल के नेता के रूप में भी कानून निर्माण के कार्य को प्रभावित किया जा सकता है।
कांग्रेस द्वारा कानून निर्माण की शक्ति को सर्वोच्च न्यायालय भी प्रतिबंधित कर सकती है। इस प्रकार कांग्रेस को कानून निर्माण की शक्ति प्राप्त है पर वह मनमानी नहीं कर सकता।
इसी प्रकार राष्ट्रपति देश की कार्यपालिका का प्रधान होता है। लेकिन वह तानाशाही नहीं कर सकता। क्योंकि कांग्रेस द्वारा अनेक रूपों में राष्ट्रपति की शक्ति में अंकुश रखा जाता है।
राष्ट्र के वित्त पर कांग्रेस का अधिकार है और कांग्रेस राष्ट्रपति द्वारा चाहे गए धन की स्वीकृति देने से इंकार कर सकता है।
राष्ट्रपति देश की सेना का अध्यक्ष है किंतु संविधान के द्वारा यह आवश्यक है कि राष्ट्रपति द्वारा की गई युद्ध की घोषणा की पुष्टि कांग्रेस करें। राष्ट्रपति द्वारा किए गए समझौतों और संधियों की पुष्टि भी कांग्रेस द्वारा अपने दो तिहाई बहुमत से की जानी आवश्यक है। राष्ट्रपति बड़े-बड़े पदों पर नियुक्तियां करती है लेकिन इन नियुक्तियों को सीनेट की स्वीकृति भी आवश्यक है। राष्ट्रपति पर कांग्रेस महाभियोग भी लगा सकती है।
राष्ट्रपति की शक्ति को न्यायपालिका भी नियंत्रित करती है। सर्वोच्च न्यायालय राष्ट्रपति के कार्यों का सर्वेक्षण कर उन्हें अवैध घोषित कर सकता है यदि वे कार्य संविधान की व्याख्या की व्यवस्था के प्रतिकूल हो।
न्यायपालिका पर भी व्यवस्थापिका और कार्यपालिका के द्वारा नियंत्रण रखा जाता है। कांग्रेस के द्वारा न्यायाधीशों की संख्या और उनका वेतन सुनिश्चित किया जाता है। और राष्ट्रपति के द्वारा सीनेट की सहमति से न्यायाधीशों की नियुक्ति करता है।
कांग्रेस महाभियोग के आधार पर न्यायाधीशों को पदच्युत कर सकती है इस प्रकार अमेरिका में शासन के तीन अंग एक दूसरे को नियंत्रित करते रहते हैं
10. प्रतिनिध्यात्म लोकतंत्र:-
लोकतंत्रात्मक शासन के दो भेद प्रत्यक्ष लोकतंत्र और अप्रत्यक्ष या प्रतिनिधि आत्मक लोकतंत्र होते हैं। अमेरिका जैसे विशाल देश में प्रत्यक्ष लोकतंत्र को अपनाना संभव नहीं था। इस कारण अमेरिका में प्रतिनिध्यात्मक या अप्रत्यक्ष लोकतंत्र को अपनाया गया। प्रतिनिधियात्मक लोकतंत्र में सामान्य जनता अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से शासन कार्य में भाग लेते हैं।
अमेरिकी संघ के कुछ राज्यों में लोक निर्णय आरंभक और प्रत्यावाहन जैसी प्रत्यक्ष लोकतंत्रात्मक पद्धतियों को अपनाया गया है। यहां के 50 राज्यों में से 40 राज्यों के संविधान में जनमत संग्रह की व्यवस्था है। इनमें कुछ स्थानीय सरकारी इकाइयों को भी जनमत संग्रह कराने का अधिकार प्राप्त है। वे 11 राज्य स्थानीय इकाइयों में जनमत संग्रह करा सकते हैं,
जहां राज्य स्तर पर जनमत संग्रह कराने का प्रावधान नहीं है।
इस प्रकार हम कह सकते हैं कि अमेरिकी संविधान राज्यों को प्रत्यक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपनाया गया है। किंतु संघ स्तर पर उन साधनों को अपनाने की व्यवस्था नहीं है और इस प्रकार यही कहना उचित होगा कि संविधान ने अमेरिका में प्रतिनिध्यात्मक लोकतंत्र की स्थापना की गई है।
11. मौलिक अधिकारों की व्यवस्था:-
अमेरिकी संविधान ने अमेरिकी जनता को वह सभी अधिकार प्रदान किए हैं जो एक सभ्य और श्रेष्ठ राष्ट्र में होनी चाहिए। अमेरिका में मौलिक अधिकारों को अपनाया गया है साथ ही शासन को सीमित रखने और नागरिक स्वतंत्रता की रक्षा हेतु उपाय भी किए गए हैं। अमेरिकी संविधान के मूल प्रालेख में मौलिक अधिकारों की व्यवस्था नहीं थी जिससे अमेरिका का एक वर्ग असंतुष्ट था। बाद में पारस्परिक समझौते द्वारा संविधान में 1791 में प्रथम 10 संशोधन कर मौलिक अधिकारों को अपनाया गया। मौलिक अधिकार अमेरिकी संविधान की एक मुख्य देन है जिसका अनुकरण जापान, भारत आदि देशों में भी किया गया है।
12. दोहरी नागरिकता:-
अमेरिकी संविधान में संघात्मक व्यवस्था के साथ-साथ दोहरी नागरिकता को भी अपनाया गया है। वहां का प्रत्येक नागरिक दोहरी नागरिकता को ग्रहण करता है। वहां का प्रत्येक नागरिक पहले अमेरिका का नागरिक होता है और दूसरा वह उस राज्य का नागरिक होता है जिसमें उसका निवास है। उदाहरण के लिए न्यूयॉर्क में रहने वाला व्यक्ति ने उस राज्य का नागरिक होगा और संयुक्त राज्य अमेरिका का भी नागरिक होगा।
Post a Comment
Thnx